लुधियाना। औद्योगिक नगरी लुधियाना के जमालपुर स्थित शिवनाथ मंदिर सभा परिसर में अध्यात्म और भक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिला। ऋषिवर सद्गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के आशीर्वाद से भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्त्वावधान में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के तहत दिनांक 16-17 मई 2026 को 24 घंटे का श्री दुर्गाचालीसा अखंड पाठ पूर्ण श्रद्धाभक्ति के साथ संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस अखंड पाठ में ज़िलेभर से आए हज़ारों श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम ‘माँ’-गुरुवर के जयकारों के साथ शंखनाद किया, जिससे पूरा क्षेत्र शक्ति की भक्ति से सराबोर हो उठा।
समापन बेला पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए भगवती मानव कल्याण संगठन की केन्द्रीय अध्यक्ष शक्तिस्वरूपा बहन सिद्धाश्रमरत्न पूजा शुक्ला जी ने नशामुक्त जीवन और चरित्र निर्माण पर विशेष बल देते हुए कहा कि ‘‘आत्मकल्याण, जनकल्याण, धर्मरक्षा और राष्ट्ररक्षा के लिए ‘माँ’शक्ति की आराधना ही एकमात्र मार्ग है।’’ आपने उपस्थित भक्तों से राष्ट्रहित में आगे आने और संगठन के जनकल्याणकारी संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘‘ परम पूज्य गुरुवरश्री ने आप सभी को अपना पूर्ण आशीर्वाद प्रदान किया है। निश्चित ही ये अतिसौभाग्यशाली क्षण हैं। जैसे कि कहा जाता है कि बूंद-बूंद से घट भरता है, उसी तरह इन छोटे-छोटे क्रमों से आपका जीवन अध्यात्मरस से भर जाएगा।
परम पूज्य गुरुवरश्री ने हमें अवगत कराया है कि ‘जब हम समाजहित के लिए कोई कार्य कर रहे होते हैं, तो उसका प्रतिफल कई पीढ़ियों के प्रतिफल के बराबर होता है।’ हमारे शरीर में परमसत्ता ने अपार ऊर्जा दे रखी है, लेकिन हम उस ऊर्जा का केवल 30 प्रतिशत ही उपयोग कर पा रहे हैं और यदि पूरी ऊर्जा का उपयोग करना है, तो हमें नित्यप्रति साधना करनी पड़ेगी, साधक बनना पड़ेगा। तभी हम आत्मकल्याण के साथ जनकल्याण कर पाएंगे।
हमने आत्मकल्याण और जनकल्याण का संकल्प लिया है, नशे-मांसाहार से मुक्त चरित्रवान् समाज के निर्माण का संकल्प लिया है, हमने मानवता की सेवा, धर्मरक्षा और राष्ट्ररक्षा करने का संकल्प लिया है, हमने सामाजिक कुरीतियों को, जातपात व छुआछूत जैसी निकृष्ट भावनाओं को लोगों के मन से नष्ट करने का संकल्प लिया है और परम पूज्य गुरुवरश्री के आशीर्वाद से इन संकल्पों को चरितार्थ करने के लिए हमारे क़दम आगे बढ़ते रहेंगे।’’
संगठन के केन्द्रीय महासचिव सिद्धाश्रमरत्न अजय अवस्थी जी ने अपनी चिरपरिचित शैली में कहा कि ‘‘मेरे भाईयों, बहनों, यह जो अनुष्ठान है, कोई साधारण अनुष्ठान नहीं है, अपितु गुरुवरश्री और माता जगदम्बे के आशीर्वाद से आपके जीवन में ऐसा परिवर्तन आएगा कि आप शांति और संतोष से परिपूर्ण जीवन धारण कर सकेंगे। भगवती मानव कल्याण संगठन के द्वारा देशभर में नि:शुल्क, नि:स्वार्थ, सेवाभाव से श्री दुर्गाचालीसा पाठ के रूप में दिव्य अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज ‘माँ’ की भक्ति की ओर बढ़ सके, नशे-मांसाहार से मुक्त चरित्रवान् जीवन धारण कर सके और सभी का जीवन खुशहाल हो सके।
भाईयों, बहनों, वर्तमान विषमताओं से निजात दिलाने के लिए परम पूज्य गुरुदेव जी ने एक सशक्त विचारधारा दी है, जो भगवती मानव कल्याण संगठन की विचारधारा कहलाती है। वह विचारधारा है नशे-मांसाहार से मुक्त चरित्रवान् जीवन अपनाकर, माता भगवती आदिशक्ति जगत् जननी जगदम्बा की कृपा को प्राप्त करते हुए अपने जीवन को दिव्य बना लेना और अपने जीवन से कमजोरी को, असहायता को समाप्त कर देना। अगर हम चाहें, तो सबकुछ कर सकते हैं, सबकुछ पा सकते हैं।’’
उद्बोधन क्रम समाप्त होने के बाद दिव्य अनुष्ठान में शामिल सभी भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया और इसके साथ ही इस भव्य धार्मिक आयोजन का शांतिपूर्ण समापन हुआ।





























Views Today : 31
Views Last 7 days : 258
Views Last 30 days : 1298
Views This Year : 7060
Total views : 107533
Who's Online : 0
Your IP Address : 216.73.217.31