संकल्प शक्ति। सद्गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के आशीर्वाद से दिनांक 14 फ़रवरी 2026 को उत्तरप्रदेश के ज़िला-कानपुर नगर में विशाल नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व भगवती मानव कल्याण संगठन की केन्द्रीय अध्यक्ष शक्तिस्वरूपा बहन सिद्धाश्रमरत्न पूजा शुक्ला जी और महासचिव सिद्धाश्रमरत्न अजय अवस्थी जी ने किया। इस यात्रा में सिद्धाश्रम चेतना आरूणी जी भी शामिल रहीं।
पदयात्रा में हज़ारों की संख्या में शामिल गुरुभाई-बहनों व नशामुक्त समाज निर्माण के पक्षधर क्षेत्रीयजन नशामुक्त हो देश हमारा, नशामुक्त हो प्रदेश हमारा, जैसे नारों का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। यह पदयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर चावला मार्केट, पापुलर धर्मकांटा, बारादेवी चौराहा, साइट नम्बर 01, मार्बल मार्केट, किदवई नगर चौराहा होते हुए आयुर्वेदिक मैदान पहुंची। तत्पश्चात् यह पदयात्रा आमसभा में तब्दील होगई।
आमसभा को सम्बोधित करते हुए शक्तिस्वरूपा बहन पूजा शुक्ला जी ने कहा कि ‘‘परम पूज्य गुरुवरश्री के आशीर्वाद व निर्देशन में नशामुक्त समाज निर्माण के लक्ष्य को लेकर यह यात्रा निकाली गई। इससे पहले मध्यप्रदेश के कई ज़िलों में इस यात्रा को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जा चुका है। नशारूपी बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने की आवश्यकता है, क्योंकि हमें युवाओं का, अपने बच्चों का भविष्य बचाना है। जैसा कि आप जानते हैं कि उत्तरप्रदेश बहुत से महापुरुषों की जन्मस्थली व कर्मस्थली रही है, लेकिन हमने उनकी ऊर्जा को आत्मसात नहीं किया, उनकी ऊर्जा को लेकर चल नहीं पाए। यही वजह है कि हमारा समाज पतन के मार्ग पर बढ़ता चला गया।
मैं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री से; जिन्हें योगी कहा जाता है, आध्यात्मिक व्यक्ति कहा जाता है, जो समाज से जुड़े हैं, राजनीति से जुड़े हैं, उनसे कहना चाहती हूँ कि अपने प्रदेश को नशामुक्त घोषित करें। जब एक गैर आध्यात्मिक मुख्यमंत्री अपने बिहार प्रदेश को नशामुक्त घोषित कर सकते हैं, तो आप क्यों नहीं? जबकि, आध्यात्मिक व्यक्ति तो अपने आस-पास भी नशे जैसी बुराई को बर्दास्त नहीं कर सकता। अपने देश के भविष्य को, अपने प्रदेश के भविष्य को, युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए यह अतिआवश्यक है कि हम अपराध के जड़ को नष्ट कर दें, समाप्त कर दें और अपराधों का जड़ है नशा।’’

सिद्धाश्रमरत्न अजय अवस्थी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘‘जब तक हमारा देश पूर्णरूपेण नशामुक्त घोषित नहीं होजाता, तब तक हम आवाज़ उठाते रहेंगे और नशामुक्ति की यह पदयात्राएं चलती रहेंगी। कहा जाता है कि यदि किसी परिवार को तबाह करना है, तो उस परिवार के किसी एक व्यक्ति को नशे की आदत डलवा दो, वह परिवार बरबाद हो जाएगा। यदि किसी मोहल्ले को तबाह करना है, तो उस मोहल्ले के पाँच लोगों को नशे की आदत डलवा दो, कुछ सालों में वह मोहल्ला बरबाद हो जाएगा और यदि किसी देश को तबाह करना है, तो उस देश के युवाओं को नशे का आदी बना दो, वह देश बरबाद हो जाएगा। हमें इस बरबादी को रोकना है।

परम पूज्य सद्गुुरुदेव के दर्शनमात्र से लोग नशा छोड़ देते हैं। आज मुझे यह कहते हुए हर्ष हो रहा है कि भगवती मानव कल्याण संगठन 173 ज़िलों में कार्य कर रहा है और संगठन के द्वारा पड़ोसी देश नेपाल सहित 25 लाख से अधिक परिवारों को नशामुक्त बनाकर माता भगवती आदिशक्ति जगत् जननी जगदम्बा की ज्योति से जोड़ चुका है और यह जनजागरण अभियान सतत जारी है।’’
सिद्धाश्रम चेतना आरूणी जी ने कहा कि ‘‘आज भगवती मानव कल्याण संगठन के द्वारा नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हज़ारों लोगों ने सम्मिलित होकर नशामुक्त समाज निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई, वे सभी धन्यवाद के पात्र हैं। मैं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी से कहना चाहती हूँ कि अपने प्रदेश को नशामुक्त घोषित करें और गऊओं की रक्षा हेतु क़दम उठाएं।’’





























Views Today : 32
Views Last 7 days : 259
Views Last 30 days : 1299
Views This Year : 7061
Total views : 107534
Who's Online : 0
Your IP Address : 216.73.217.31