दमोह। भगवती मानव कल्याण संगठन, शाखा-दमोह के कार्यकर्ताओं के द्वारा, सोमवार, दिनांक 11 मई को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज़िले में बढ़ रहे अवैध शराब के कारोबार एवं आबकारी विभाग की संदिग्ध कार्यप्रणाली को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम सेआरोप लगाया गया है कि दमोह ज़िले की विभिन्न तहसीलों में आबकारी विभाग की मिलीभगत से शराब दुकानों का अनियमित संचालन किया जा रहा है तथा गांव-गांव अवैध रूप से शराब पहुंचाकर बिक्री करवाई जा रही है। संगठन ने अवैध शराब बिक्रय पर प्रतिबंध लगाए जाने तथा दोषी विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध क़ानूनी कार्यवाही की मांग की है।
बताया गया कि संगठन के द्वारा ज़िलान्तर्गत नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिससे प्रभावित होकर 200 से अधिक ग्राम पंचायतों को प्रस्ताव पास करके नशामुक्त घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद कथित विभागीय शह पर शराबमाफ़ियाओं के द्वारा गांव-गांव शराब पहुंचाई जा रही है।
उदाहरणस्वरूप ज्ञापन में ग्राम देवरान का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि ग्रामीणों के विरोध के बाद प्रशासन के द्वारा शराब की दुकान सील कर दी गई थी, लेकिन बाद में सील तोड़कर बड़ी मात्रा में शराब का कारोबार शुरू कर दिया गया है।
ज्ञापन लेकर कलेक्टर नारायण प्रताप यादव ने कहा कि अवैध शराब बिक्रय पर रोक लगाने हेतु प्रशासन जल्द विशेष अभियान चलाएगा तथा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि अवैध शराब की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।




























Views Today : 4
Views Last 7 days : 109
Views Last 30 days : 847
Views This Year : 8221
Total views : 108694
Who's Online : 0
Your IP Address : 162.251.85.8