बदलापुर, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के बदलापुर से एक खौफनाक हत्याकांड का मामला सामने आया है। पुलिस ने बीते दिवस तीन साल बाद एक महिला की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ़्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या किसी साधारण तरीके से नहीं, बल्कि ज़हरीले सांप से डसवाकर की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, नीरजा रूपेश आंबेकर की 10 जुलाई 2022 को बदलापुर ईस्ट स्थित उज्ज्वलदीप सोसायटी में उनके घर पर मौत हो गई थी। उस समय इस मामले को एक्सीडेंटल डेथ मानकर केस दर्ज़ किया गया था। शुरुआती जांच में किसी तरह का संदेह नहीं जताया गया, क्योंकि मौत का कारण सांप का काटना बताया गया था। समय बीतने के साथ पुलिस को कुछ गवाहों के बयानों में विरोधाभास नज़र आया। इसके बाद मामले की दोबारा गहन जांच शुरू की गई, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में खुलासा हुआ कि मृतका के पति 40 वर्षीय रूपेश आंबेकर का अपनी पत्नी नीरजा के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इन झगड़ों से परेशान होकर उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस साजिश में उसके दोस्त रिशिकेश रमेश चालके और 25 वर्षीय कुणाल विश्वनाथ चौधरी भी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 36 वर्षीय चेतन विजय दुधाने, जो एक स्नेक रेस्क्यू वॉलंटियर है, से संपर्क किया। चेतन ने उन्हें एक ज़हरीला सांप उपलब्ध कराया। इसके बाद साजिश के तहत उसी सांप से नीरजा को डसवाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों को पूरा भरोसा था कि सांप के काटने से हुई मौत को प्राकृतिक मौत (नेचुरल डेथ) मान लिया जाएगा और वे क़ानून की पकड़ से बच निकलेंगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और सटीक पूछताछ के चलते यह खौफनाक साजिश बेनकाब हो गई।




























Views Today : 14
Views Last 7 days : 906
Views Last 30 days : 1559
Views This Year : 10562
Total views : 111035
Who's Online : 0
Your IP Address : 162.251.85.8