सुबह का नाश्ता शरीर की सेहत के लिए अतिमहत्त्वपूर्ण होता है। आप सुबह नाश्ते में जो कुछ भी खाते हैं, उससे आपको दिनभर के कामों के लिए ऊर्जा मिलती है। अगर आप अपने दिन की शुरुआत एक हेल्दी नाश्ते से करना चाहते हैं, तो पंचरत्न चीला खा सकते हैं। यह सबसे जल्दी और आसानी से तैयार होने वाले नाश्ते में से एक है। अधिकतर घरों में बेसन, सूजी, ओट्स और रागी बैटर से चीला तैयार किया जाता है, लेकिन पाँच दालों से बना चीला खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, उतना ही शरीर के लिए फायदेमंद भी होता है।
सामग्री: 1/4 कप मूंग दाल, 1/4 कप हरी मूंग दाल, 1/4 कप उड़द दाल, 1/4 कप चना दाल, 1/4 कप अरहर दाल, 1 चम्मच अजवायन, 1 बारीक कटा प्याज, 1 बारीक कटा टमाटर, 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक और तेल।
कैसे बनाएं पंचरत्न चीला ?
पंचरत्न चीला बनाने के लिए पांचों दालों को अच्छी तरह धो लें और रात में पानी में भिगोकर रख दें। सुबह दालों का पानी छान लें, फिर मिक्सर में डालकर दालों को पीस लें। आपको इसका एक दरदरा सा बैटर तैयार करना है। इस बैटर में प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अजवाइन और नमक डालें, फिर अच्छी तरह फेंट लें।
अब गैस पर एक पैन गर्म करें और तेल डाल दें। फिर तवे पर चीला बैटर को डालें और मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सेंक लें। अब आपका पंचरत्न चीला तैयार है। इसका आनंद धनिया-पुदीना की चटनी के साथ लें।
पंचरत्न चीला खाने के फायदे
मूंग दाल: इसमें प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं। ये पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं। साथ ही, मेटाबोलिज्म को तेज करने में मदद करते हैं। मूंग दाल को डायबिटीज, वेट लॉस और हार्ट हेल्थ के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है।
हरी मूंग दाल: हरी मूंग दाल में प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट जैसे पोषकतत्त्व भरपूर मात्रा में होते हैं। यह शरीर में मौज़ूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने और फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसानों को कम करने में मददगार होती है। यह पाचन को स्वस्थ रखने और वजन घटाने के लिए भी काफी फायदेमंद होती है।
उड़द की दाल: उड़द की दाल में आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जिससे यह एनर्जी बूस्ट करने का काम करती है। इसमें विटामिन प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और कार्बोहायड्रेट जैसे पोषकतत्त्व भी प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
चना दाल: चना दाल वजन घटाने से लेकर ब्लड शुगर को कंट्रोल करने तक में लाभकारी होती है। इसका सेवन करने से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रहता है।
अरहर दाल: अरहर की दाल में विटामिन-बी, प्रोटीन, फाइबर, फोलिक एसिड जैसे कई पोषकतत्त्व प्रचुर मात्रा में होते हैं। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करती है, पाचन को बेहतर बनाती है और वजन घटाने में भी मददगार होती है।





























Views Today : 11
Views Last 7 days : 128
Views Last 30 days : 830
Views This Year : 8326
Total views : 108799
Who's Online : 0
Your IP Address : 216.73.217.7