उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 के व्यापक विश्लेषण से संकेत मिलता है कि चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के एनडीए और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस पार्टी के इंडिया गठबंधन के बीच है। हमारे देश के इस सबसे बड़े राजनीतिक भू-भाग में जहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सत्ता की ‘हैट्रिक’ लगाने और अपना राजनीतिक वर्चस्व बनाए रखने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है, वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणामों से उत्साहित इंडिया गठबंधन उत्तरप्रदेश की सत्ता से भाजपा के 10 साल के शासन को उखाड़ फेंकने के लिए जी-तोड़ प्रयास में है।
आइए, 2027 के इस महासंग्राम के हर पहलू, जातिगत समीकरणों और राजनीतिक दांव-पेंचों का एक निष्पक्ष विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं–
भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई
उत्तरप्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर ़साल 2027 के फ़रवरी-मार्च में चुनाव होने की संभावना प्रबल है। देश की राजनीति का उत्तरप्रदेश एक ऐसा महत्त्वपूर्ण केंद्र है, जिसके बारे में यह कथन प्रचलित है कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। वर्ष 2017 और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल करने वाली भाजपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा की लड़ाई है, जबकि विपक्षी गठबंधन सत्ता पाने की होड़ में है।
भाजपा मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर अपनी चुनावी रणनीति केंद्रित कर रही है–
कड़क प्रशासन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘कड़क प्रशासन’ और क़ानून-व्यवस्था के मॉडल को भाजपा अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है।
सोशल इंजीनियरिंग: भाजपा अपने पारंपरिक उच्च जाति के वोट बैंक के साथ-साथ पिछड़े और दलितों के एक बड़े वर्ग को अपने पाले में बनाए रखने के लिए प्रयास में है।
सहयोगी दलों का साथ: एनडीए में राष्ट्रीय लोकदल, अपना दल, निषाद पार्टी और भारतीय समाज पार्टी जैसी क्षेत्रीय और जाति-आधारित पार्टियां शामिल हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा प्रदर्शन के बाद इन सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग का पेच सुलझाना भाजपा के लिए एक मनोवैज्ञानिक चुनौती बना हुआ है। रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया जैसी पार्टियां भी 25 सीटों की मांग रख रही हैं, जिससे एनडीए का आंतरिक समीकरण गड़बड़ हो रहा है।
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेतृत्व वाला ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में वापिसी के लिए हरसम्भव कूटनीतिक चाल चल रहा है। इंडिया गठबंधन की रणनीति मुख्य रूप से इन स्तंभों पर टिकी है–
सपा का पीडीए फॉर्मूला: समाजवादी पार्टी (सपा) पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे के तहत एक नया सामाजिक समीकरण बना रही है। सपा पारंपरिक यादव-मुस्लिम गठजोड़ से आगे बढ़कर गैर-यादव पिछड़ों और दलित समाज में पैठ बनाने का पुरजोर प्रयास कर रही है।
सीट बटवारा और कांग्रेस का रुख: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि 2027 का गठबंधन सीटों की संख्या पर नहीं, बल्कि सीधे ‘जीत की संभावना’ के फॉमूर्ले पर आधारित होगा। कांग्रेस नेता भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि भाजपा विरोधी वोटों का बिखराव रोकने के लिए दोनों दलों का आपसी तालमेल बूथ स्तर तक सुदृढ़ होना ज़रूरी है। हालांकि, कांग्रेस द्वारा अधिक सीटों की मांग और संगठन विस्तार को लेकर दोनों दलों में आंतरिक खींचतान भी देखने को मिलती रहती है। जबकि, बहुजन समाज पार्टी हासिए पर खड़ी है।
क्या कहते हैं सर्वे और ओपिनियन पोल्स?
जैसे-जैसे चुनाव समीप आते जा रहे हैं, सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में कई सर्वे वायरल हो रहे है, जिनमें काफी मतान्तर है। ग्राउंड रिपोर्ट और विभिन्न ‘मूड आॅफ द नेशन’ सर्वे के अनुसार, धरातल पर सत्ताविरोधी लहर और सोशल इंजीनियरिंग के बीच एक भयंकर रस्साकशी चल रही है।
आख़िर किसकी होगी जीत?
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, इस बात का सही अनुमान लगाना कि जीत किसकी होगी, अभी शीघ्रता होगी, क्योंकि दोनों ही गठबंधनों के जहाँ अपने-अपने मज़बूत पक्ष हैं, वहीं कमजोरियां भी हैं। भाजपा की जीत तभी संभव है, जब वह अपने बिखरते हुए ओबीसी और दलित वोट बैंक को सोशल इंजीनियरिंग के माध्यम से दोबारा एकजुट कर ले और नाराज़ होगए अपने कार्यकर्ताओं को मना ले तथा सहयोगी दलों के साथ बिना किसी विवाद के सीटों का यथोचित बटवारा तय कर ले।
जबकि, इंडिया गठबंधन की जीत तब संभव है, जब सपा और कांग्रेस का ज़मीनी वोट सुचारु रूप से बूथ स्तर तक पहुंच पाए और टिकट बंटवारे में आंतरिक कलह न हो तथा वे लोकसभा वाले प्रदर्शन के उत्साह को चुनाव सम्पन्न होने तक बरकरार रख सकें।
ज्ञातव्य है कि उत्तरप्रदेश का मतदाता बेहद ज़ागरूक और अनपेक्षित निर्णय लेने के लिए जाना जाता है। फिलहाल प्रतिष्ठा और सत्ता की इस लड़ाई में दोनों ही गठबंधन टीमें पूरी ताक़त से चुनावी बिसात बिछाने में प्रयत्नशील हैं और मुकाबला बराबरी का बना हुआ है।
भारतीय शक्ति चेतना पार्टी भी मैदान में
बाक्स- इस बार के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में आमजनता के बीच अपनी पैठ बनाती जा रही भारतीय शक्ति चेतना पार्टी (बीएससीपी) भी दम-खम के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। ध्यान रहे, इस पार्टी के कार्यकर्ता, जहाँ नशे-मांसाहार से मुक्त चरित्रवान् और चेतनावान् हैं, वहीं जनसेवावृती भी हैं। इस पार्टी का मूल लक्ष्य जनता-जनार्दन का हर-सम्भव प्रसास से उत्थान करना है।




























Views Today : 36
Views Last 7 days : 248
Views Last 30 days : 650
Views This Year : 19647
Total views : 120120
Who's Online : 0
Your IP Address : 162.251.85.8